मेघदूत एग्रो, हरियाणा: देश के मौसम में आज जबरदस्त बदलाव देखने को मिल रहा है, जहां एक ओर उत्तर भारत में बादल गरज रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पश्चिमी इलाकों में लू ने दस्तक दे दी है।
Aaj Ka Mausam 12 April 2025 के तहत भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब, और राजस्थान जैसे राज्यों में आज तेज आंधी, वज्रपात और बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। यह सब पश्चिमी विक्षोभ के असर से हो रहा है, जो इस समय उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर सक्रिय है।
दिल्ली समेत कई राज्यों में तेज़ हवाएं और धूलभरी आंधी का अनुमान लगाया गया है। वहीं, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और असम-मेघालय में 15 अप्रैल तक भारी बारिश का पूर्वानुमान है। आज राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर धूल भरी आंधी चल सकती है, जबकि हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में गरज के साथ बारिश होने की पूरी संभावना है।
इसके साथ ही मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में गुजरात, पश्चिमी राजस्थान, और पंजाब के इलाकों में भीषण लू का अलर्ट जारी किया है। 15 से 17 अप्रैल के दौरान गुजरात के कुछ हिस्सों में गर्म हवाएं चलेंगी, वहीं तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराइकल में उमस का स्तर बढ़ सकता है।
तापमान की बात करें तो उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अगले 3 दिनों तक हल्की गिरावट के बाद 4 दिनों में तापमान में 3-5 डिग्री तक की वृद्धि होने की संभावना है। IMD ने यह भी बताया कि 14 अप्रैल तक पूर्वी भारत के मैदानी इलाकों में भी आंधी-बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। मौसम से जुड़ी ऐसी ताजा और सटीक जानकारी के लिए IMD की आधिकारिक वेबसाइट पर नज़र बनाए रखें।
Comments are closed