महेंद्रगढ़, 11 मार्च 2025 – हरियाणा सरकार ऐतिहासिक धरोहरों को संजोने और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर काम कर रही है। इसी कड़ी में नारनौल स्थित ऐतिहासिक ढोसी पहाड़ी को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। नेशनल हाईवे इन्फ्रास्ट्रक्चर एवं लॉजिस्टिक कार्पोरेशन के तहत ढोसी पहाड़ी पर 57 करोड़ रुपए की लागत से रोपवे का निर्माण कार्य लगभग पूरा होने के कगार पर है। यह रोपवे ढोसी पहाड़ी के पौराणिक और धार्मिक महत्व के तीर्थ स्थल तक आम जनता की पहुंच को आसान बनाएगा।
पूर्व सीएम ने की थी घोषणा
साल 2018 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने हेलीकॉप्टर से ढोसी पहाड़ी का निरीक्षण करते हुए इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की घोषणा की थी। शुरुआत में पीडब्ल्यूडी विभाग ने पहाड़ी पर सड़क निर्माण की योजना बनाई थी, लेकिन पहाड़ी के वर्तमान स्वरूप को क्षति पहुंचने की आशंका को देखते हुए नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ने रोपवे निर्माण का फैसला लिया। इस महीने के अंत तक रोपवे निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है।
प्राकृतिक उपचार केंद्र बनेगा आकर्षण का केंद्र
ढोसी पहाड़ी की प्राकृतिक छटा को देखते हुए यहां एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्राकृतिक उपचार केंद्र स्थापित किया जाएगा। पहाड़ की चोटियों से घिरा यह स्थल अपने आप में एक स्वास्थ्यवर्धक और मनमोहक जगह है। इसके अलावा, पहाड़ की ऊंची चोटियों पर पैराग्लाइडिंग और रॉक क्लाइम्बिंग जैसे एडवेंचर खेलों के लिए भी व्यवस्था की जाएगी।
ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व
ढोसी पहाड़ी का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व भी कम नहीं है। यह पहाड़ी महर्षि च्यवन की तपोस्थली रही है और मान्यता है कि यहां पहली बार च्यवनप्राश बनाया गया था। महाभारत काल में पांडवों ने भी अज्ञातवास के दौरान यहां ठहराव किया था। पहाड़ी पर स्थित मंदिर और चंद्रकूप जैसे स्थलों को ऐतिहासिक और धार्मिक पर्यटन के लिए विकसित किया जाएगा।
पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाएं
पहाड़ी के नीचे एक आधुनिक टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा, जहां पर्यटकों को ठहरने की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही, विभिन्न प्रदेशों के शाकाहारी व्यंजनों के लिए एक फूड कोर्ट की भी व्यवस्था की जाएगी।
राजस्थान जाने वाले पर्यटकों का ठहराव
हरियाणा सरकार का मानना है कि ढोसी पहाड़ी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने से न केवल स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि राजस्थान जाने वाले पर्यटक भी यहां ठहर सकेंगे। इससे क्षेत्र में व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
ढोसी पहाड़ी का विकास हरियाणा के पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान स्थापित करेगा और यह क्षेत्र देश-विदेश के पर्यटकों के लिए एक प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनेगा।