हरियाणा में मौसम तेजी से बदल रहा है। मार्च के दूसरे हफ्ते में ही लोगों को गर्मी का असर महसूस होने लगा है। पिछले कई दिनों से मौसम साफ है और दिन में तेज धूप निकल रही है। इसका असर ये हुआ है कि महेंद्रगढ़ में अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं, फरीदाबाद, हिसार और नारनौल जिलों में भी अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
लेकिन अब मौसम वैज्ञानिकों ने एक नया अपडेट जारी किया है। उनके मुताबिक, आज रात से हरियाणा का मौसम बदलने वाला है। इसका असर अगले एक हफ्ते तक देखने को मिल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण 9 से 13 मार्च तक हरियाणा में बादल छाए रहेंगे। साथ ही, 13 और 14 मार्च को हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।
11 और 12 मार्च को तेज हवाओं का अनुमान
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 13 मार्च तक हरियाणा में मौसम परिवर्तनशील रहेगा। इस दौरान दो पश्चिमी विक्षोभों का आंशिक प्रभाव देखने को मिलेगा। 9 मार्च की रात से 13 मार्च तक हवाएं चलेंगी, जिससे मौसम में बदलाव आएगा।
हालांकि, इस दौरान दिन के तापमान में मामूली गिरावट और रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है। 11 और 12 मार्च को प्रदेश में मध्यम से तेज गति की हवाएं चल सकती हैं। 14 मार्च से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे मौसम फिर से बदल सकता है।
कृषि पर मौसम का प्रभाव
मौसम में हो रहे इन बदलावों का किसानों की फसलों पर भी असर पड़ सकता है। डॉ. खीचड़ ने किसानों को सलाह दी है कि वे अपनी फसलों को मौसमी बदलावों से बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाएं। खासकर, गेहूं की फसल को हवाओं और हल्की बारिश से बचाने के लिए तैयार रहें।